ख़ूबियों से तो दिल लगा लेती है ये दुनिया,
मोहब्बत तो वो है जो कमियों से की जाती है।
मुसीबत में तो सबको याद आती है रब की,
इबादत तो वो है जो सुकून में की जाती है।
ग़ैरों की किरदार-निगारी तो कर ही लोगे मगर,
सच तो वो है जो ख़ुद से कहा जाता है।
अरे, रो-रो के दास्तान-ए-हयात सुनाने वालो,
दर्द तो वो है जो हँसकर सहा जाता है।
हिफ़ाज़त के रिश्ते तो होते हैं दिमाग़ के,
दिल्लगी में तो जोख़िम ही लिया जाता है।
अरे, परखकर तो सामान लिया जाता है सौदागरों से,
भरोसा अज़ीज़ों पर बंद आँखों से किया जाता है।
पौधों पर पत्ते हैं, काँटे हैं, शाख़ें भी हैं,
फूल तो वो है, जो किरदारों में खिला करता है।
मज़ा कहाँ है दिमाग़ों को हराने में,
दिलों को जीतने में जो मज़ा मिला करता है।
No comments:
Post a Comment